
नवरात्रि के पहले ही दिन बड़ी वारदात, हिंदू संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
रायगढ़: जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रैरूमा चौकी से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नवरात्रि के पहले ही दिन गौहत्या की घटना उजागर होने से पूरे इलाके में आक्रोश की लहर दौड़ गई है। हिंदू संगठनों और स्थानीय ग्रामीणों में गहरी नाराजगी फैल गई है, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
अंधेरे में कत्ल, सुबह गूंजा गुस्सा
सूत्रों के अनुसार, बीती रात चरखापारा स्थित उरांव बस्ती में कुछ लोगों ने एक गाय की नृशंस हत्या कर उसका मांस घर में छिपा लिया। सुबह जैसे ही यह खबर फैली, गांव में हड़कंप मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने बिना देर किए रैरूमा चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विनोद खेस, अर्जुन लकड़ा और अभित तिर्की को गिरफ्तार कर लिया।
मां के बिना बिलखता बछड़ा, द्रवित हुई भीड़
घटनास्थल पर एक दूधमुंहा बछड़ा भी मिला, जो अपनी मृत मां के लिए बिलख-बिलखकर रो रहा था। उसकी करुण पुकार सुनकर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
संगठनों का फूटा गुस्सा – दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
गौहत्या की इस घटना से हिंदू संगठनों में जबरदस्त आक्रोश है। कार्यकर्ताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द दोषियों को सख्त सजा नहीं मिली, तो वे उग्र आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेंगे।
पुलिस अलर्ट, सुरक्षा कड़ी – प्रशासन ने की शांति की अपील
घटना के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।